जबसे ब्लॉग जगत से जुड़ा हूँ , ईमानदार लेखन, पढने को लगभग तरस से गए !मगर हाल में गुल्लक पर लिखी राजेश उत्साही की आप बीती "सूखती किताबों में भीगा मन " पढ़ते पढ़ते, मेरा मन अवश्य भीग गया !
राजेश की लेखन शैली के बारे में जानना हो तो गुल्लक पर लिखा उपरोक्त लेख पढ़ लें ! अपने आपको बड़े लेखक साबित करने में लगे हम लोग ,शायद इस लेखक में ईमानदारी की एक गंध महसूस कर सकें !

बरसों से, बेशकीमत कलम का धनी यह लेखक ,अपने आपको स्थापित करने के संघर्ष में लगे, लेखकों में, हिम्मत की एक मिसाल है !
इस कविता संग्रह में एक कविता " चक्की पर " की इन लाइनों पर गौर करें ....
स्त्रियाँ अपने में मगन
सूप में फटकती रहती हैं चिंताएं
लापरवाह अपनी देह के प्रति
...
बहरहाल
मैं और मेरा दोस्त
चक्की की आवाज के बीच स्वतंत्रता से
बात कर सकते हैं बिना किसी डर और
झिझक के
उनके और उनकी देह के बारे में !
अभावों से उनका सतत संघर्ष उनकी रचनाओं में मुखर हैं ! सामाजिक विषमताओं से जूझते एक आम आदमी की चीत्कार उनकी हर रचना में दिखाई देती है ! "छोकरा " "मैंने सोंचा " "कल रात" सोंचने को मजबूर कर देती हैं !
इस पुस्तक को पढ़कर राजेश उत्साही के प्रति श्रद्धा बढ़ी है !
इस शारदा पुत्र के सम्मान में, इस लेख को लिख कर, अपने आपको धन्य मान रहा हूँ !


















