इस चमक दमक की दुनियां में
रंगों की महफ़िल ,सजी हुई !
मोहक प्रतिमाएं थिरक रहीं
दामिनि जैसा श्रृंगार किये !
इस समाज में इस महफ़िल में,
कौन भला मातम गायेगा ?
कौन भला मातम गायेगा ?
मेहँदी रचित हाथ लेकर , अब मेरे गीत कौन गायेगा ?
सूरज की पहली किरन साथ
फागुन के रंग बरसते हैं !
संध्या होने से पहले ही ,
स्वागत होता दीवाली का !
नव मस्ती के इस योवन में ,
रोदन क्यों कोई गायेगा ?
रोदन क्यों कोई गायेगा ?
हाला, मधुबाला साथ लिए, अब मेरे गीत कौन गायेगा ?
हर मन में चाहत , रंगों की ,
महसूस व्यथा को कौन करे ?
गर्वित हों अपने योवन से
अहसास पराया कौन करे ?
रणभेरी बजते अवसर पर ,
वेदना कौन अब गायेगा ?
वेदना कौन अब गायेगा ?
उन्माद भरे इस मौसम में, अब मेरे गीत कौन गायेगा ?
कोई गोता खाए, बालों में
कोई डूबा गहरे प्यालों में
कोई मयखाने में जा बैठा
कोई सोता गहरे ख्वाबों में
जलते घर माँ को छोड़ चले,
बापस क्यों कोई आएगा ?
बापस क्यों कोई आएगा ?
निष्ठुर लोगों की नगरी में , अब मेरे गीत कौन गायेगा ?





















