Tuesday, April 13, 2010

होमिओपैथी और आपकी असाध्य बीमारियाँ -सतीश सक्सेना

          
आदरणीय दिनेश राय द्विवेदी द्वारा लिखित क्या होमिओपैथी अवैज्ञानिक है ? पोस्ट पर बड़ी मनोरंजक प्रतिक्रियाएं पढने को मिलीं कुछ लोगों को होमिओपथी पर भरोसा था और कुछ इसे नितांत झोला छाप विद्या बता रहे थे !

                 कल यही मैंने अपने मित्र आदरणीय डॉ अमर कुमार , को कहने का प्रयत्न किया था कि जब आप एलोपैथ हो तो उस पैथी से, जिसपर आपका विश्वास ही नहीं है , नाराज क्यों हो ? एक एलोपैथिक डॉ की नाराजी स्वाभाविक है, जब उनके रोगी, उस बीमारी से स्वस्थ होने की खबर उन्हें देते हैं, जो एलोपैथिक नज़रिए से असाध्य है ! तो एक सबसे अधिक पढ़े लिखे आदमी ( एम् बी बी एस , एम् एस ) का झल्ला जाना स्वाभाविक है :-)

               जहाँ तक वैज्ञानिक विवेचना का सम्बन्ध है, तो आज तक विज्ञान ईश्वर शब्द पर ही भरोसा नहीं कर पाया है, तो उसकी बनाई शक्तियों को कैसे पहचानेगा सिर्फ उनके अहसास होने पर, अपने आपको चमत्कृत ही पाता है ! मैंने यहाँ कुछ सज्जनों को बिना समझे ही, होमिओपैथी का मज़ाक बनाते देखा है ! सबूत और इनामी राशि देने की बात कही जा रही है.....

               कम से कम, मैं जो एक होमियोपैथी श्रद्धालु और ३० साल से इन पुस्तकों का एक विद्यार्थी मात्र हूँ, इस मूर्खता पूर्ण बहस को, और चैलेन्ज को स्वीकार नहीं करूंगा, डरने के कारण नहीं बल्कि विद्वान् मगर इस महान वैकल्पिक चिकित्सा के प्रति,नासमझ लोगों की जमात के सामने, अपने आपको खड़ा करने में झिझक के कारण !

              अब आप मेरी शौक से मज़ाक उड़ाइए ... बेहतरीन विश्वासों की ऐसी मज़ाक हज़ारों सालों से, आधुनिक वैज्ञानिकों द्वारा उड़ाई जाती रही हैं सो मैं होमिओपैथी की मज़ाक उड़ाने पर, आपको मुस्कराते हुए शुभकामनायें  देता हूँ !

             आरोप लगने से, पहले मैं बता दूं कि बचपन से अंधविश्वासों और अंध धार्मिक आस्थाओं का घोर विरोधी रहा हूँ ! सवाल सिर्फ अपनी अपनी शिक्षा का और समझ का है !

             मैं एलोपैथिक मत पर विश्वास रखता हूँ परन्तु एलोपैथिक डॉ से बहुत डरता हूँ क्योंकि अक्सर वे भयभीत रोगी से पहला सवाल " क्या करते हो " का ही करते हैं, और बदकिस्मत रोगी अगर सर्जन के सामने हो तो भगवान् ही मालिक है  :-)

            मेरे एक सर्जन मित्र जो एक मशहूर क्लिनिक में कार्य करते थे इस लिए नौकरी छोड़ने को विवश होना पड़ा क्योंकि उन्होंने एक रोगी को, बिना आपरेशन ही ठीक कर दिया था ! आज से लगभग २६-२७ वर्ष पहले दिल्ली के मशहूर आर्थो स्पेशलिस्ट डॉ विरमानी ने मुझे गले में कालर लगाना और मोटर साइकिल छोड़ना अति आवश्यक बताया था ! उस समय स्पोंडलाइटिस के दर्द से कराहते हुए, मैंने अपनी इच्छा शक्ति को चैलेन्ज करते हुए, अपने आपको बिना किसी डॉ से सहायता लिए, ३ महीने में इसी होमिओपैथी से ठीक किया था और तब से आज तक अपने परिवार का ही लाखों रुपया डॉ को देने से और अपने शरीर को गिनी पिग बनाने से बचा लिया !

            मैं यहाँ यह जरूर बताना चाहता हूँ, सैकड़ों गरीबों और जरूरत मंदों की अनगिनत भयानक बीमारियाँ मैंने खुद निशुल्क ठीक की हैं उनमें गैंग्रीन, जिसमें पैर कटाने की तारीख मिल चुकी थी, स्पाइनल स्लिपडिस्क जिसमें ३ ओपरेशन बताए गए थे, आदि बहुत उदाहरण हैं ! इस वैकल्पिक चिकित्सा पद्धति के के कारण मैंने पिछले २५ वर्षों में मैंने अपने परिवार पर, एलोपैथिक डॉ को कोई पैसा नहीं दिया :-)

           अफ़सोस यह है कि होमिओपैथी को जानने वाले सैकड़ों जगह जगह मिल जायेंगे और बीमारी का नाम सुनकर ही दवाएं देने वाले भी हर जगह मौजूद हैं (जिनके कारण होमिओपैथी बदनाम है ) !अतः होमिओपैथी का इलाज़ करते समय डॉ का चुनाव बहुत अहम् है !


          मेरा विश्वास है कि अगर कोई होमिओपैथिक डॉ आपके मानसिक व्यव्हार को भली भांति जानता है तो और आपको ठीक करना चाहता है तो भयानक और असाध्य बीमारियों को भी आसानी से ठीक कर सकता है !

          अगर आप सही समझ के साथ पिछले १० वर्षो से होमिओपैथी के प्रभाव में हैं तो यकीन करें कि आपकी उम्र, सामान्य से १० वर्ष अधिक होगी !

          होमिओपैथी एक आश्चर्यजनक विधा है और कुशल डॉ की देख रेख में ,बेहद खतरनाक बीमारियों से तुरंत आराम दिलाती है !

Sunday, April 11, 2010

वहीं रचा जाता है गीत -सतीश सक्सेना

वर्षों  पहले  कुछ दोस्तों की चलते फिरते फरमाइश रहती थी कि कोई गीत अभी लिख कर दिखाओ  और मैं हमेशा मना करने पर मजबूर होता था कि कम से कम मेरे लिए यह संभव ही नहीं है ,कविता और गीत लेखन न कभी सीखा और न सीखना चाहता हूँ , जो मन में भाव उठाते हैं कभी कभी गीतों का रूप ले जाते हैं ... शायद इन्ही दोस्तों के कारण एक दिन यह गीत लिख गया था ...इसे पुनः प्रस्तुत कर रहा हूँ !  



सरल भाव से सबको देखे,
करे सदा सबका सम्मान
अपना अथवा गैर न जाने
सबका स्वागत करे समान
ममता, करुणा, श्रद्धा रहती , 

उसी जगह होता संगीत !
निश्छल मन और दृढ विश्वास,वहीं रचा जाता है गीत !

प्रिये गीत की रचना करने,
पहला कवि जहाँ बैठा था
अश्रु आँख में भरकर उसने
गाया वो अपूर्व मीठा था
कष्ट मिट गए होंगे सबके,

जो सुन पाया पहला गीत !
निश्चय ही वसुधा के मन में , फूट पड़ा होगा संगीत !

कविता नहीं प्रेरणा जिसकी,
गीत नहीं, भाषा है दिल की
आशा और रुझान जहाँ पर,
प्रिये वही रहता है, गीत !
शब्दकोष हाथों में लेकर 

कब लिख पाया कोई गीत !
दिल की भाषा सारे जग में, करें प्रसारित मेरे गीत !

Saturday, April 10, 2010

ये पुरुष -सतीश सक्सेना

मैं मेट्रो द्वारा घर से आफिस जाते हुए,एक बात अक्सर नोट करता हूँ उसे लेकर जो कुछ दिमाग में आया  वह  "मानसिक हलचल "करने के लिए स्वाभाविक था ! सोचा क्यों न आप सबसे बाँट लूं  !  

  • अधिकतर जगह पर खड़ी महिलाओं के सामने बैठे पुरुषों  को गहरी नींद आ रही होती है  , चेहरे पर भारी थकान का भाव, जैसे कई दिनों बाद सोने को मिला है !

Friday, April 9, 2010

हमारे आसपास ये "रिटायर" लोग -सतीश सक्सेना

                                     पहली मुलाक़ात खुशदीप सहगल से  अविनाश वाचस्पति के यहाँ हुई थी ! उनसे थोड़ी देर बात करके लगा कि जैसे यह एक मिनी ब्लागर मीट न होकर सत्संग हो गया हो ! मुहल्ले के वृद्धों के वारे में कुछ करने का सुझाव, खुशदीप सहगल से पाकर लगा कि संत नगर में आना सफल हो गया है , यह सुझाव मेरा एक बहुत पुराना सपना है जिसे खुशदीप सहगल भी देख रहे थे !
                                     याद करिए अपने बचपन के दिनों को जब वे घर में आते थे तो हाथ में पकडे थैले में  पड़े सामान को जानने की उत्कंठा हम सबमें रहती थी और सुबह ऑफिस जाते समय व्यस्त अम्मा की तेज झल्लाती आवाज , छुट्टी के दिन पापा का  मनपसंद भोजन और शाम को अक्सर बाहर की पार्टी  आदि ....
                                      पूरे जीवन जिसने सारे घर का जिम्मा लेकर बड़ी शान से अपना समय व्यतीत किया , वही आज कार्य से रिटायर हो चुके हैं ! अब किसी को समय नहीं है उनसे बात करने के लिए ...पूरे दिन अखबार  में मुंह छिपा कर व्यस्त दिखने का प्रयत्न करते यह अब घर के मुखिया पद से भी रिटायर कर दिए गए हैं ! ६० साल बाद सरकार से रिटायर और ६१ साल में धीरे धीरे घर से सारी शक्तियां छीन ली गयीं !
                                        घर में पड़े पड़े बोर न हों अतः सुबह दूध सब्जी लाने और बच्चे को घुमाने का काम सौपा गया है ! किटी पार्टी के दिन बाहर रहने की हिदायत है ! मोहल्ले में अपने को व्यस्त रखने के लिए  चौकीदारों की व्यवस्था , उनके लिए पैसे कलेक्शन करने हेतु, हर घर जाकर चंदा इकट्ठा करने के कारण "मम्मी चौकीदार अंकल आये हैं " जैसी पहचान बन गयी है !

Thursday, April 8, 2010

कहाँ हैं आप सब ? समस्त बड़े छोटों से विनम्र अपील - सतीश सक्सेना

         कहाँ हैं आप सब ? क्यों नहीं बोल रहे अपने ही घर में हो रहे इस अघोषित शीतयुद्ध पर ?
           उस घर में कभी शांति नहीं हो सकती जब तक बच्चों के वैमनस्य पर बड़े खामोश बैठे रहें  ! यहाँ पर बड़ों से तात्पर्य उम्रदराज होने से नहीं बल्कि समझ और परिपक्वता से है ! आपस में एक दूसरे को बुरा भला कहते हम लोग, एक दूसरे की आस्थाओं ,मान्यताओं पर जम कर गालीगलौज करते हमारे देश वासी,नफरत के सैलाब की और बढ़ रहे हैं यह कोई शुभ शकुन नहीं है फिर आपकी खामोशी का क्या मतलब है ! मुझे नहीं लगता जहरीले  माहौल पर न बोलना या उस समय उदासीन होना माहौल को शांत कर देगा !

                              ये बबूल के  बीज घर में डाले जा रहे हैं और समझदार लोग भी रोते हुए इन्हें सींच रहे हैं ! अपमान के कष्ट में रोते हुए इन विद्वान्, मगर कम उम्र जिद्दी बच्चों को, समझाने की शक्ति, किसी एक के बस की नहीं है अगर हम सबके हाथ नहीं मिले तो यह सुगन्धित दिया बुझ जाएगा जिसे जलाए रखने का प्रयत्न हम जैसे कुछ लोग कर रहे हैं  !
                            अतः आप सबसे प्रार्थना है कि एक ही घर के दो बच्चों में, बढती वैमनस्यता की खाई पाटने में मदद करने आगे आयें जिससे कि हँसते हुए, साथ बैठने उठने  का जज्बा पैदा हो ! मुझे पूरा विश्वास है कि देश का जनमानस इस अपील पर अवश्य ध्यान देगा ! अविश्वास के माहौल में कम से कम एक बात मान जाएँ  !
"जिस बात से हमारा दिल दुखता है वही हम दूसरों से न कहें "

Tuesday, April 6, 2010

याद तो फिर भी आओगे - सीमा गुप्ता !

                                पंकज सुबीर की पहचान शक्ति की तारीफ़ करनी होगी !  सीमा गुप्ता के  कविता संकलन  की पहली लाइनें ही दिल छू गयीं और इस लेख का शीर्षक बन गयीं  ! कुछ लम्हे पर  पंहुचते ही महसूस हो जाता है कि आप किसी असीमित क्षमता के धनी ,भावुक कलाकार के घर आये हैं  ! इस रचना में उठाया विषय बिछड़ों के बारे में हैं ,क्या हमारे जीवन से दूर चले जाने वाले हमारे अपने, कभी भी हमारी यादों से धूमिल हो पाते हैं ? 
  
"ह्रदय के जल थल पर अंकित 
चित्र  ! धूमिल कर  जाओगे !
याद  तो फिर भी  आओगे  !"


हँसना रोना ,  गीत  पुराना  !
सुर सरगम का साज बजाना 
शब्द ताल ही ले जाओगे ...
याद तो , फिर भी आओगे  !


सूनी राहें दिल थाम के चलना 
साथ  बिठाये पलों का  छलना 
यही,  खाली  कर  जाओगे ...
याद तो ,  फिर भी  आओगे   ! 


                                  अपनों से दूर होने की व्यथा की ऐसी गहरी अभिव्यक्ति और बिछड़ गए इन अपनों से, यह उदास शिकायत, शायद हर संवेदनशील ह्रदय के जीवन का एक भाग होगी ,जिसे हम व्यक्त नहीं कर पाए  और सीमा ने बेहद खूबसूरती से व्यक्त कर दिया ....

Sunday, April 4, 2010

अम्मा , भीख मांगने आती है ! - सतीश सक्सेना

                             योगेन्द्र मौदगिल   कहने को तो हास्य कवि हैं मगर जब भी मैंने उन्हें पढ़ा , हर बार
एक एक प्रभाव एक छाप रह गयी दिल पर  ! गज़ब की धार है उनकी रचनाओं में ! आज उनकी एक सूक्ष्म रचना पढी तो यह दो लाइनें ही हिला गयीं !
" चौराहे की मिटटी को भई जम कर लज्जा आती है 
 दर्जन भर बेटों  की  अम्मा , भीख  मांगने  आती है !"
                     जिस माँ ने अभावों में जिन्दगी काटते हुए हमारा भविष्य बनाने के लिए अपने बचाई हुई सारी पूँजी लुटा दी और हमारी पढाई और भविष्य की चिंता में अपने बुढापे के लिए, कुछ न बचाया , उस अम्मा को  हमने क्या दिया ? 
                     इस मार्मिक रचना में , शायद ही कुछ बचा होगा जो कवि ने कह न दिया हो , लज्जा इंसानों को या बेटों को तो आने से रही , तो कवि  किससे उम्मीद करे सिवाय चौराहे की मिटटी के अलावा , लज्जा तो धरती की  मिटटी को ही आयेगी ! 
                    क्या उस के प्यार का एक अंश भी हम दे पा रहे हैं ! और हमें अपने ऊपर लज्जा भी नहीं आती  ?



Friday, April 2, 2010

डैथ ट्रेप : जब मेरा पूरा परिवार मौत से बाल बाल बचा था ! - सतीश सक्सेना


वह रात मेरे परिवार के लिए, जीवन की सबसे बुरी रात थी और शायद उस दिन हमें किसी अद्रश्य शक्ति ने बचा लिया था अथवा आज यह लेख लिखने को भी जीवित नहीं बचते !
जून १९८८ की रात , नॉएडा में पूरी रात बिजली नहीं थी ११-१२ बजे तक तो पसीने से भीगे हुए जागते रहे, दोनों 
बच्चों (गौरव ८ वर्षीय और गरिमा ३ वर्षीय )को बेहाल देख , मैंने केनोपी में खडी मारुति ८०० के एयर कंडिशनर का  ध्यान आया और हम पति पत्नी, दोनों बच्चों को लेकर गाडी में बैठ गए ! खडी गाड़ी को स्टार्ट कर, ऐ सी चला दिया , पसीने में सराबोर हम सबको इस ठंडक को मिलते ही ऐसा लगा कि जैसे एक वरदान मिल गया हो ! देखते ही देखते नींद कब आ गयी पता ही न चला !

पता नहीं शायद अचानक गुडिया की आवाज सुनकर मेरी नींद खुली , और मैंने अन्दर की लाइट जलाने के लिए हाथ उठाया तो लगा जैसे हाथों में दम नहीं रही , लाइट जलते ही मैंने अर्धबेहोशी की हालत में गौरव को सीट के नीचे बेहोश गिरा पाया और गुडिया पिछली सीट पर हाथ पैरों को, अजीब तरह से पटक रही थी ! खतरे का अहसास होते ही मैंने दरवाजा खोला ,गिरता पड़ता बाहर निकला उस समय खुले लान में चारो तरफ धुआं ही धुंआ था ! शरीर बिलकुल काबू में नहीं था , पत्नी को चीख कर कहा बच्चो को जल्दी बाहर निकालो मगर उनकी स्थिति भी काबू में नहीं थी ! पता नहीं कहाँ से ताकत आ गयी मुझमें ! गाड़ी को बाहर रोड पर लाकर खडी की , बापस घर में आकर बच्चों को गोद में लेकर, लगभग भागते हुए गाडी में डाला , और नॉएडा मेडिकेयर सेण्टर, कैसे पहुंचा हूँ, कुछ याद नहीं ! डॉ से जाते ही कहा तुरंत ओक्सिजन चाहिए ,गैस पोइजन के शिकार हैं हम लोग ! सबसे पहले बच्चों को ओक्सिजन दी गयी ! लगभग ३० मिनट में हम लोग व्यवस्थित हो पाए ! डॉ के हिसाब से अगर ५ मिनट हम और सोते रहते तो शायद कोई नहीं बचता !

कई साल बाद जब मैंने अखबार में, गराज के अन्दर खड़ी गाड़ी में, दो बच्चों की लाशें मिलने की खबर पड़ी तो मैंने एरिया डी सी पी को फ़ोन करके यह संभावित मौत कैसे हुई होगी ? को लेकर अपनी घटना बताई तो वे भी अचम्भे में रह गए थे !

उस रात बिलकुल हवा नहीं चल रही थी , एग्ज्हास्ट पाइप से निकला धुआं गाड़ी के चारो ओर जमा हुआ और चलते एयर कंडिशनर ने धुंए को फिल्टर करते हुए कार्बन मोनो आक्साइड को अन्दर खींच लिया ! अगर मेरी नींद न खुलती तो ......??

Tuesday, March 30, 2010

ब्लाग जगत में ऐसे लोग भी हैं - स्नेही राज भाटिया

राज भाई  !
१५ -३० मई  में  एक मित्र के साथ विएंना में, उनके बेटे के घर रहूँगा ! इन १५ दिनों यूरोप घूमने  का प्लान है , जिन जगह जाने का मन है वे प्राग , बुडापेस्ट , स्वित्ज़रलैंड , और इटली हैं  यूरेल टिकेट लेने की सोच रहे हैं ! 
क्या यह कम समय में संभव और ठीक रहेगा ?? 
मार्गदर्शन चाहिए !
सतीश सक्सेना 

नमस्कार सतीश जी,
 आप का स्वागत है युरोप मै, मै Wien से करीब ६०० कि मी दुर रहता हुं जर्मनी मै , मेरे नजदीक का शहर है Munchen (मुनिख), अगर समय हो तो मुझे भी दर्शन जरुरे देवे........

.............मेने आप के हिसाब से एक रुट बनाया है..... सब से पहले आप  Wien मै उतरे दो दिन वहां घुमे, रात को घर पर आराम करे, तीसरे दिन सुबह सवेरे चार पांच बजे वहा से रेल पकडे पराग के लिये( वियाना से पराग की दुरी सडक दुवारा २५५ कि मी) करीब ३ घंटे मै आप पराग पहुच जायेगे दो दिन यहां घुमे, दुसरे दिन शाम को यहां से रेल पकडे जर्मनी  के शहर मुनिख की, रात मेरे यहां ठहरे, दुसरे दिन मुनिख शहर की खास खास जगह मै आप को दिखा दुंगा,( पराग से मुनिख की दुरी सडक दुवारा करीब ३०० कि मी) फ़िर ५० कि मी मेरा घर))अगर आप चाहे तो  कुछ दिन मेरे यहां भी रुक सकते है, इसी दिन रात को मै आप को स्विट्रजर लेंड की रेल मै बिठा दुंगा, ......... यहां रुकना चाहे तो ठीक नही तो यहा से आगे आप बुडापेस्ट जाये, यहां भी दो से तीन दिन, फ़िर वापिस आप वियाना आ जाये...... आगे आप लिखे कि.... ओर क्या इस टिकट मै इंटर सिटी भी शामिल है या नही....अगर कुछ ज्यादा जानना हो तो मुझे फ़ोन कर ले या फ़िर गुगल पर बात कर ले, मै कल शनि वार को भारतीया समय के अनुसार रात सात बजे के बाद गुगल पर मोजूद होऊगां या मुझे मेरे मोबईल पर आप काल कर ले--- 0049-१५२५*******  या फ़िर मेल कर ले मै पुरी मदद करुंगा.
धन्यवाद सहित
राज भाटिया 


उपरोक्त बड़े पत्र  के कुछ अंश छापने का मकसद एक शानदार ,दिलदार, घर से बहुत दूर जर्मनी में बसे एक वास्तविक भारतीय का परिचय, हिन्दी ब्लाग जगत को करवाना है जिसको हम सिर्फ एक ब्लागर के रूप में पहचानते हैं ! मुझे नहीं पता कि मेरी यह "  नीरस "   पोस्ट कितने ब्लागर पसंद करेंगे , मैंने ब्लाग जगत पर बहुत कम लोग एक दूसरे का सम्मान करते देखे है और यह सम्मान भी बदले में दी गयी टिप्पणी के रूप में होता है ! आज " अतिथि कब जाओगे ""  के समय में  मुझे राज भाटिया  भारतीय संस्कृति के सही प्रतिनिधि के रूप में दिखाई पड़ रहे हैं !

मेरा राज भाटिया से सिर्फ एक बार की मुलाकात है जब अजय झा ने उनके स्वागत में  ब्लागर सम्मलेन बुलाया था , और उस मीटिंग में हम दोनों ने शायद चंद शब्द प्रयोग किये होंगे आपस में  ! मेरे यूरोप प्रवास में जर्मनी जाना शामिल ही नहीं है फिर भी जिस आत्मीयता का परिचय देते हुए उन्होंने अपनी मेजवानी पेश की है उससे उन्होंने वाकई मिसाल छोड़ी है हम भारतीयों के लिए !

ईश्वर राज भाटिया जैसे भारत पुत्रों  को  हर जगह सम्मान बख्शे  !

Monday, March 29, 2010

आपके १८ वर्षीय बच्चे का आत्म विश्वास - सतीश सक्सेना

१८ वर्ष होने के अपने मायने हैं , वयस्क होते ही कानून से कुछ अधिकार, अपने आप मिल जाते हैं ! इस उम्र तक आते आते बच्चों की अपेक्षाएं भी बढ़ी होती हैं  ! माँ बाप के उचित सहयोग से बच्चों में आत्मविश्वास और अपने बड़ों के प्रति आदर भावना विकसित होनी, स्वाभाविक होती है !


वयस्क होने से पहले बच्चों को गाड़ी चलाना सिखलाना और अपनी हैसियत से अधिक पैसे वाले परिवारों में दोस्ती के कारण ,फिजूलखर्च की आदत डलवाना, अक्सर घातक सिद्ध होता है ! घर का माहौल ऐसा रखें कि बच्चे को माँ की या पिता की अवज्ञा की आदत न पड़े !  आप बच्चे को कभी भी यह अहसास न होने दें कि आप उस पर विश्वास नहीं करते हैं  ! विश्वास करने का नतीजा आपको यह मिलेगा कि जेब में पैसे होने के बावजूद, बच्चा गलत रास्ते पर नहीं जायेगा  और पैसे बर्वाद भी नहीं करेगा  क्योंकि यह धन उसका अपना होगा !
  • वयस्क होते ही बच्चों का, पर्याप्त पैसे के साथ बैंक खाता खुलवाएं और पासबुक ,चेक बुक और डेबिट कार्ड इस उम्र में, बिना किसी रोकटोक के उसे दें ! साथ ही  हर मांह एक निश्चित जेब खर्च देते रहे जिसे वह बैंक में, जब चाहे निकालने  के अधिकार के साथ , बैंक में खुद जमा किया करे ! इस पैसे का उपयोग पर कोई बंदिश न हो !
  • गाड़ी चलाना सीखने के बाद, ड्रायविंग लायसेंस बनवा कर उसे दें यह ध्यान रहे कि आवश्यकता और तफरीह के बीच का फर्क उसे आना चाहिए ! 
  • घर की आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी की जिम्मेवारी उसे भी शेयर  करने दें !
  • आप उसके सामने,अपने बड़ों का हमेशा सम्मान करें 1
आपके इस कदम के साथ यकीन करें आप अपने और बच्चे के मध्य एक बेहद मज़बूत रिश्ता बना पायेंगे  जिसको आज की ,तेज तूफानी हवा हिला भी न पायेगी ! 

    Thursday, March 25, 2010

    हिजड़े(Eunuch) - क्या आपने कभी इनके बारे में सोचा है ? -सतीश सक्सेना

    सवाल रोटी के इंतजाम का ...??
                      शादी विवाहों और ख़ुशी के अवसरों पर,  अकसर मनचाहे पैसे न मिलने पर जबान  चलाते किन्नर (हिजड़े - एक गाली ) आपको अवश्य याद होंगे ! हर ५-१० वर्षों में इन अवसरों पर अक्सर इनके द्वारा की गयी बेहूदगियों से  आपका मन भी अवश्य खराब हुआ होगा ! मगर क्या आपने कभी इनके बारे में सोचने के लिए अपना वक्त दिया है ?
                      अक्सर मैं भिखारियों को पैसा नहीं देता , हमारे देश में यह अब संगठित व्यवसाय बन चुका है , अतः मैं इस उद्योग की कोई मदद नहीं करता और चिल्लर गाड़ी में नहीं रखता ! मगर यदि मुझे कोई हिजड़ा, चौराहे पर भीख मांगता दिख जाये तो मैं उसे भीख न देकर, १०-५० रुपये तक की मदद हमेशा करने की कोशिश करता हूँ !
                        परमपिता परमात्मा से भी उपेक्षित, शारीरिक विकलांगता से ग्रसित यह इंसान ,पुरुष और  महिला वर्ग में न होने के कारण, जानवरों से भी बदतर जीवन जीने के लिए मजबूर है  ! शायद यही एक वर्ग ऐसा है जिसे परिवार से लेकर, बाज़ार तक भी कहीं कार्य नहीं दिया जाता  ! पूरा समाज  इन इंसानों की जो मज़ाक उड़ाता है  वैसा जानवरों  के साथ भी नहीं होता  ! क्या आपने कभी सोचा हैं कि .....
    • इन्हें हम  घर में नहीं घुसने देते और इनसे बिना दोष,सिर्फ शारीरिक विकलांगता के कारण नफरत करते हैं ! भिखारियों को खाना देते समय तक , हम इन्हें खिलाने की कल्पना तक नहीं करते ! समाज में गरीबों और भूखों को खाना खिलाने  में , पुण्य मिलने की बात कही गयी है ! मगर हिजड़ों को खाना खिलाते, आपने किसी को नहीं देखा होगा !
    • इन्हें व्यावसायिक प्रतिष्ठानों , दुकानों आदि में मजदूरी का कार्य भी नहीं मिलता अतः आपने किसी दुकान , माल में भी इन अभागे इंसानों को काम करते नहीं देखा होगा  ! 
    • शरीर के अस्वस्थ होने की स्थिति में, इनका इलाज़ कौन करेगा  ? समाज में हिकारत की द्रष्टि से देखे जाते यह लोग , बीमारी की स्थिति में, अच्छे प्राइवेट डाक्टर की सुविधा से लगभग वंचित हैं  ?
    • मानसिक अवसाद में जीते इन बच्चों के लिए, किसी इंस्टीटयूशन में पढाई हेतु दाखिला, एक दिवा स्वप्न ही है ? अच्छे परिवार के बच्चों के मध्य यह मानसिक विकलांग बच्चे, किसी कालेज में शिक्षा ले सकें, आधुनिक भारत में  अभी यह केवल एक कल्पना मात्र ही है !  
    • किसी मंदिर में इनके लिए विधिवत पूजा का कोई प्रावधान नहीं है ! अतः अक्सर इनकी  ईश आराधना एवं पूजा कार्य, अपने घर में ही सीमित होती है शायद इसीलिए इनकी प्रथाएं एवं अनुष्ठान लगभग गोपनीय होते हैं ! 
    • अपने खुद के परिवार में इनका स्थान बेहद दयनीय है  ! अक्सर परिवार के लोग, यह बताते हुए शर्मिंदा महसूस करते हैं कि यह उनके परिवार में पैदा हुए हैं ! अतः जन्म से लेकर मृत्यु तक अपने परिवार , एवं  समाज से लगभग कटे रहने के लिए विवश हैं !  
    • सामाजिक स्थल जैसे पार्क,रेस्टोरेंट, कम्यूनिटी सेंटर, स्टेडियम, आदि में, आम व्यक्तियों  के साथ इन्हें हिस्सा नहीं लेने दिया जाता  ? सामान्य जन के लिए बनाए पब्लिक स्वीमिंग पूल में कोई हिजड़ा स्नान करने की सोंच ही नहीं सकता !
                  इन अभागों का पूरा जीवन, अपने लिए रोटी और बुढ़ापे की बीमारियों के इंतजाम करने में बर्बाद हो जाता है ! पहले किसी जमाने में नवाबों,सुल्तानों ने इन्हें सिर्फ हरम की चौकीदारी के लिए ही योग्य पाया था या फिर ये लोग सिर्फ नाच गाने कर अपना पेट पालते थे ! आज समय के साथ, इनके यह दोनों काम भी ख़त्म हो गए ! अब जब दूसरों की खुशियों , शादी विवाह जैसे मौकों पर, अपना पारंपरिक कार्य नाच गाने का आयोजन करने का प्रयत्न करते हैं तो हम लोगों को लगता है कि  धन उगाहने के लिए, यह अनचाहे मनहूस मेहमान यहाँ क्यों कर आ गये !
                 अधिकतर ऐसे मौकों पर यह लोग धन की मांग करने के लिए घेरा बंदी करते हैं ! इनकी दलील रहती है कि और किसी मौकों पर, उन्हें किसी प्रकार का धन नहीं दिया जाता अतः शादी अथवा बच्चा पैदा होने की ख़ुशी  में ही दानस्वरूप उचित पैसा मिलना ही चाहिए जिससे कि वे अंत समय तक के लिए, कुछ आवश्यक धन बचा सकें ! और अक्सर इसी कारण लोग इन्हें और भी हिकारत की  नज़र से देखते हैं !
                अफ़सोस है कि सरकार ने भी इनके पुनर्वासन के लिए अभी तक समुचित ध्यान नहीं दिया है !
    कृपया बताएं , यह रोटी कहाँ से खाएं  ??

    ( उपरोक्त यू वीडियो - आभार यथार्थ पिक्चर )

    Monday, March 22, 2010

    आस्था पर प्रश्न क्यों ? सतीश सक्सेना

    आज कल कुछ जगह, हमारे कुछ शास्त्रार्थ पंडित ,एक दूसरे की हजारों वर्षों पुरानी आस्थाओं को अपनी  आधुनिक निगाह से देखते हुए,जम कर प्रहार कर रहे हैं ! चूंकि दोनों पक्ष विद्वान् हैं अतः शालीनता भी भरसक दिखा कर अपने अपने जनमत की वाहवाही  लूट रहें हैं  ! 
    पुराने धार्मिक ग्रंथों में समय समय पर लेखकों अनुवादकों की बुद्धि के हिसाब से कितने बदलाव हुए होंगे फिर भी पूर्वजों और पंडित मौलवियों के द्वारा पारिभाषित ज्ञान को बिना विज्ञान की कसौटी पर कसे, हम इज्ज़त देते हैं और उसमें ही ईश्वर को ढूँढ़ते रहते हैं और निस्संदेह हमें फल भी मिलता है ! 
    ईश्वर चाहें उसके कितने ही नाम क्यों न हो अपने विभिन्न रूपों में हमारी आस्था का केंद्र रहा है और हमें शक्ति देता रहा है ! मगर यह कौन सी भावना और ज्ञान है जिसमें हम दूसरे घर की पूजा पद्धति को गालियाँ दें जिससे हमारा कुछ भी लेना देना नहीं  ! 
    यह विशुद्ध द्वेष और मूर्खता परोस कर हम अपने बच्चों को क्या दे रहे हैं  ?? 

    Sunday, March 21, 2010

    यमुना मैय्या मैली सी !

    दिल्ली में यमुना एक नाले के रूप में बहती है , आर्ट ऑफ़ लिविंग  के द्वारा १७ मार्च से एक सामूहिक  प्रयास शुरू किया गया है , बहुत प्रसंशनीय कार्य मानते हुए लोगों ने इसमें योगदान किया है  ! "मेरी दिल्ली मेरी यमुना " अभियान में बिसिनेस स्कूल और अन्य कालेज के विद्यार्थी बढ़ चढ़ के हिस्सा लेते देखे गए यह एक अच्छा शकुन है !
    अगर यमुना के आस पास रहने वाले लोग ही, कमर कस कर निकल पड़ें तो मुझे विश्वास है कि हमारे माथे लगा यह गन्दा टीका साफ़ होते देर नहीं लगेगी !    

    Saturday, March 20, 2010

    जवान कैसे रहें -१ - सतीश सक्सेना

    जीवन का हर क्षण अमूल्य है, जीवन में हर क्षण का मज़ा लें ,ख़ास तौर पर उस समय और भी जब कोई अन्य आपको कष्ट देना चाह रहा हो ! मैंने अपने जीवन का कमाया धन 7० % अपने बच्चों पर, 2० % अपनों की अथवा जरूरत मंदों की मदद पर और १० % सिर्फ अपने ऊपर खर्च किया जिससे मैं अपने आपको खुश रख सकूं ! मुझे पूरा विश्वास है कि अगर मैं सानन्द हूँ तो मेरे आश्रित भी सुखी रह पायेंगे !
    बचपन से मेरे पसंद का एक शेर नज़र है ...

    "उम्रेदराज़ मांग के लाये थे चार दिन 
    दो आरज़ू में कट गए दो इंतज़ार में "

    आप अपनी जिन्दगी ऐसे  न कटने दें. वाकई में हम लोग दो चार दिन ही मांग के लाये हैं , हर दिन के, हर क्षण को, हँसते हुए और मस्ती में निकालें ,चाहे कितना ही अभाव ही क्यों न हो , रोते  समय भी हंसने का बहाना ढूँढ लें  !

    बचपन से याद, गोपालदास नीरज की  यह पंक्तियाँ मेरी पसंदीदा लाइनें रहीं हैं  !
    "जिन मुश्किलों में मुस्कराना हो मना
    उन मुश्किलों  में  मुस्कराना,  धर्म है !
    जब हाथ से टूटे न,  अपनी हथकड़ी 
    तब मांग लो ताकत स्वयं जंजीर से 
    जिस दम न थमती हो नयन सावन झड़ी 
    उस दम  हंसी ले लो किसी तस्वीर से 
    जब गीत गाना गुनगुनाना जुर्म हो 
    तब गीत गाना गुनगुनाना धर्म है !"

    उपरोक्त रचना मैंने हमेशा  गुरु मंत्र मान कर कंठस्थ किया और उसका पालन किया  ! आज भी मेरे मित्र मुझ ( सही उम्र नहीं बताऊंगा ) ३० साल के जवान को देख कर आश्चर्य चकित होते हैं !
    और हाँ मैं वाकई जवान हूँ ....

    Tuesday, March 16, 2010

    बेटियों का प्यार !


    मेर्रे गीत पर,  आदरणीय बृजमोहन श्रीवास्तव  के कमेंट्स पढ़कर की बोर्ड  से, उँगलियाँ हटाकर, निढाल सा हो गया ,
    बेटी शायद मेरी सबसे बड़ी कमजोरी है  !

    "प्रिय सतीश -यह अनुभव ले पूरी तरह सिद्ध है कि बेटियां माँ बाप को ज्यादा चाहती है ,पुत्र तो शादी के बाद बदल भी जाता है किन्तु बेटी को शादी के बाद भी माँ बाप की चिंता सताती रहती है | इसका कारण है बचपन से ही पुत्र का कार्यक्षेत्र बाहर और बेटी का घर के अन्दर होता है |बेटी देखती है घर कैसे चलाया जा रहा है ,माँ को क्या क्या परेशानी हो रही है ,पिता कितने कष्ट सहन कर अल्प आय में घर चला रहा है ,उनके प्रति प्रेम व् सहानुभूति उसके मानस में अंकित हो जाती है बेटा इन सब से बेखबर रहता है"
    एक एक शब्द लगता है हर घर की कहानी है , कितने भारी  मन से  विदा होकर "अपने घर" जाती है हमारी बिटिया  "अपना घर" छोड़ कर ! उसका अपना घर विवाह के दिन से ही "मायका " बन जाता है और घर के लोग, घर से बेटी को भेज अक्सर गंगा नहाने जाते हैं , एक  जिम्मेवारी से मुक्ति मिली , और नए घोंसले में यह बच्ची अपनी जगह बनाने के प्रयास में एक नयी शक्ति से लग जाती है ! 
    सारे जीवन यह बच्ची "अपने घर" की याद आते ही तड़प उठती है , त्यौहार और मायके में हुए उत्सव के अवसरों पर, अक्सर भाई या पिता के संदेशे का इंतज़ार करती रहती है , कि  शायद इस बार माँ किसी को भेज पाए ! 
    और अक्सर माँ -बाप , अपने व्यस्त बेटे -बहू के सामने, अपने आपको असहाय सा महसूस करते हैं.....

    Related Posts Plugin for Blogger,